5 हजार व्यापारियों को आमंत्रित करेगा सीटीआई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) चांदनी चौक के व्यापारियों के साथ मिलकर 9 सितंबर को चांदनी चौक शाॅपिंग फेस्टिवल आयोजित करेगा। इसमें चांदनी चौक के तमाम व्यापारियों और मार्केट एसोसिएशन्स को शामिल किया जाएगा। सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि चांदनी चौक शाॅपिंग फेस्टिवल ट्रिपल एफ यानी फैशन, फूड और फॉक का संयोजन होगा। इसमें एक तरफ चांदनी चौक के मशहूर और ब्रांडेड कपड़े, लहंगे, साड़ी, सूट आदि के स्टाॅल होंगे तो वहीं दूसरी तरफ चांदनी चौक की मशहूर चाट पकौड़ी, टिक्की, गोलगप्पे, जलेबी, घेवर, दही भल्ले आदि व्यंजनों का लोग लुत्फ उठा सकेंगे।
गोयल ने बताया कि चांदनी चौक शाॅपिंग फेस्टिवल में दिल्ली की तमाम 700 मार्केट और 56 इंडस्ट्री एसोसिएशन्स को भी आमंत्रित किया जाएगा और सभी को सम्मानित किया जाएगा। अनुमान है कि इसमें दिनभर में 5000 व्यापारी शामिल होंगे।