नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि राजधानी में अभी स्कूल नहीं खुल रहे हैं। शास्त्री पार्क पर फ्लाईओवर के उद्घाटन के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी। इससे पहले सरकार ने कोरोना को देखते हुए 31 अक्तूबर तक स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया था। वहीं, केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार, गत 16 मार्च से देशभर में स्कूल और विश्वविद्यालय बंद हैं। इससे पहले 21 सितंबर को केंद्र ने सभी स्कूलों को कक्षा नौ से 12 तक स्वेच्छा से खोलने का निर्देश दिया था। हालांकि, दिल्ली सरकार ने अभी इस संबंध में फैसला नहीं लिया है। दिल्ली सरकार द्वारा केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को परीक्षा फीस का भुगतान न करने पर केजरीवाल ने कोरोना की वजह से फंड की कमी का कारण बताया है। गौरतलब है कि अनलॉक के चरण में अन्य सभी गतिविधियों को सुचारु रूप से शुरू किया जा रहा है, लेकिन अभी शिक्षण संस्थानों को इस संबंध में मंजूरी नहीं मिली है। राज्य अपने स्तर पर विभिन्न चरणों के तहत निर्णय ले सकते हैं।