कार्यालय में की तोड़फोड़, दोनों पक्षों से कई लोग घायल
पुलिस अधिकारी ने कहा - दोनों पक्षों से नहीं मिली शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भलस्वा डेयरी इलाके में शुक्रवार रात प्रॉपर्टी डीलर व पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। प्रॉपर्टी डीलर पर एक युवती ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया और कार्यालय पर हमला कर तोड़फोड़ की। हमले में प्रॉपर्टी डीलर भी घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि शनिवार शाम तक दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात को एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर तोड़फोड़ और झगड़े की सूचना मिली थी। वहीं दूसरी शिकायत प्रॉपर्टी डीलर पर युवती के साथ छेड़छाड़ और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने की मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में तोड़फोड़ की गई है। जांच में पता चला कि हमले में दोनों पक्षों के घायल लोगों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया है।
अस्पताल पहुंची पुलिस को घायलों में एक 19 साल की युवती, उसकी मां व अन्य मिले। वहीं दूसरी तरफ प्रॉपर्टी डीलर का भी मेडिकल कराया गया, उसे भी चोट लगी थी। छानबीन करने पर पता चला कि युवती परिवार के साथ प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय के पड़ोस में किराए पर रहती है। प्रॉपर्टी डीलर के अपने कार्यालय के बाहर सामान रखने को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा है। युवती शाम को परिवार वालों के साथ घर आ रही थी। उसका आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथ मौजूद लोगों ने छेड़छाड़ व मारपीट की।