प्रो. इकबाल निकालेंगे दिल्ली के स्ट्रीट चिल्ड्रेन की दिक्कतों का हल
नई दिल्ली। जामिया के प्रोफेसर नवेद इकबाल दिल्ली के स्ट्रीट चिल्ड्रेन (इधर-उधर घूमकर भीख मांगने वाले बच्चों) की दिक्कतों का हल निकालेंगे। ब्रिटेन के लीसेस्टर विश्वविद्यालय के ग्लोबल चैलेंजेस रिसर्च फंड (जीसीआरएफ) ने प्रो. इकबाल को विजिटिंग फेलोशिप के लिए चुना है। इसके तहत विकासशील देशों के सामने पेश आ रही चुनौतियों का हल तलाश किया जाएगा। जामिया प्रबंधन के मुताबिक, प्रो. इकबाल को ‘सपोर्ट फॉर स्ट्रीट चिल्ड्रन इन डेहलीज’ पर काम करने के लिए ब्रिटेन के विश्वविद्यालय की विजिटिंग फेलोशिप मिली है। लीसेस्टर विश्वविद्यालय की जीसीआरएफ फेलोशिप योजना, उच्च स्तरीय अनुसंधान को आकर्षित करती है। इसका मकसद न्यायोचित सहभागिता विकसित करना और लीसेस्टर विश्वविद्यालय, यूके तथा द ग्लोबल साउथ में अकादमिक समुदायों के बीच गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को बढ़ावा देना है। प्रो इकबाल कई इंटरनेशनल रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रहे हैं। इनमें जर्मनी के सारलैंड यूनिवर्सिटी के साथ इंडो-जर्मन (यूजीसी-डीएएडीं) अनुसंधान परियोजना और शास्त्री रिसर्च ग्रांट्स (एसआरजी) के तहत कनाडा की वाटरलू यूनिवर्सिटी के साथ एक संयुक्त इंडो-कैनेडियन प्रोजेक्ट शामिल हैं।