अवैध पटाखों का कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ दिल्ली पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए उत्तरी जिला एएटीएस ने लाहौरी गेट इलाके में बनाए गए गोदाम पर छापा मारकर 250 किलो अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संतनगर, करनाल, हरियाणा निवासी ईशांत और ईशान के रूप में हुई है। आरोपी फारूक नगर, यूपी से पटाखे लाकर यहां स्टोर कर रहे थे। दिवाली पर इन पटाखों को मुंह मांगे दामों पर बेचा जाना था।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण कमेटी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर लोकल पुलिस लगातार अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों पर नजर रखे हुए है। इसी कड़ी में शनिवार को जिले के एएटीएस को सूचना मिली कि पीली कोठी लाहौरी गेट के पास गली में अवैध पटाखों का गोदाम बनाया हुआ है। पुलिस ने टीम बनाकर गोदाम पर छापा मारा। पुलिस ने यहां से ईशांत और ईशान को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं।
आरोपियों ने बताया कि पाबंदी की वजह से इन पटाखों की खासी डिमांड है। त्योहार पर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में वे यूपी से पटाखे खरीदकर दिल्ली लाए थे। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।