नई दिल्ली। भलस्वा डेयरी इलाके में शनिवार तड़के ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हुआ। मृतक की पहचान 19 वर्षीय अभिषेक और घायल की पहचान 22 वर्षीय शिवम के रूप में हुई। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:40 बजे करनाल बाईपास के पास आउटर रिंग रोड पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना पर एएसआई गजराज मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायल शिवम और अभिषेक को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था, यहां अभिषेक ने दम तोड़ दिया। जांच में सामने आया कि दोनों युवक जूतों का कारोबार करते थे। शनिवार सुबह दोनों अलीपुर से आ रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को कब्जे में लेकर थाने में रखवा दिया है। भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रक की पहचान कर ली है, फरार चालक की तलाश की जा रही है। संवाद