नई दिल्ली देश को हिलाकर रख देने वाले बॉयज लॉकर रूम मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर स्नैपचैट का वायरल हुए स्क्रीनशॉट में जो गैंगरेप की बात कही जा रही थी वह लड़का नहीं बल्कि एक लड़की कर रही थी।
वह सिद्धार्थ नाम फर्जी आईडी से दूसरे लड़के से चैटिंग कर रही थी। ये लड़की दक्षिण दिल्ली की रहने वाली है और नाबालिग है। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने इस लड़की पहचान कर उससे पूछताछ की है।
लड़की का कहना है कि वह जिस लड़के से चैटिंग कर रही थी वह उसका चरित्र व प्रतिक्रिया जानना चाहती थी। वह मजे के लिए ऐसा कर रही थी। इस चैटिंग का लॉकर रूम से कोई लेना-देना नहीं है।
साइबर सेल डीसीपी अन्येश रॉय ने रविवार को अाधिकारिक बयान भेजकर कहा था कि बॉयज लॉकर रूम व स्नैपचैट का वायरल हुए स्क्रीनशॉट अलग-अलग है। दोनों का कोई लेना-देना नहीं है।
स्क्रीनशॉट मार्च महीने का है और बॉयज लॉकर रूम अप्रैल महीने के पहले सप्ताह में बना था। जब बॉयज लॉकर रूम मामला सोशल मीडिया पर सामने आया तो स्नैपचैट के स्क्रीनशॉट को बॉयज लॉकर रूम से जोड़ दिया गया गया था और सोशल मीडिया पर कहा जाने लगा था कि बॉयज लॉकर रूम की पीडि़त लड़कियों के साथ गैंगरेप की धमकी दी जा रही है।
अमर उजाला ने इस बात का शनिवार को ही खुलासा कर दिया था। दिल्ली पुलिस बॉयज लॉकर रूम के ग्रुप एडमिन को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और एक नाबालिग को पाबंद किया है।
साइबर सेल ने इस मामले में लॉकर रूम के कई और लड़कों की पहचान कर ली है। अब पहचान गए लॉकर रूम के छात्रों की संख्या २४ से ज्यादा हो गई है। सभी से पूछताछ की गई है।
इनमें से कुछ नाबालिग हैं। इनमें से ज्यादातर का कहना है कि उन्होंने लॉकर रूम ग्रुप में न तो कोई चैटिंग की और न ही फोटो शेयर की थी। सभी के मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
लड़की खुद ही प्लान बना रही थी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्नैपचैट स्क्रीन शॉट मामले में पता लगा है कि लड़की दूसरी लड़कियों के साथ गैंगरेप की बात कर रही थी। लड़की जिस लड़के के साथ गैंगरेप का प्लान बना रही थी वह लड़का भी नाबालिग है। लड़की द्वारा ऐसी बात करने के बाद लड़के ने लड़की से चैटिंग करना बंद कर दिया था। इस लड़के ने इस चैटिंग का स्क्रीनशॉट लेकर दूसरे ग्रुप में शेयर कर दिया था। पुलिस ने फिलहाल इस लड़की व नाबालिग लड़के के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।