रंगदारी मांगने की शिकायत करना महिला व्यवसायी को पड़ा भारी
- आरोपियों के भाई ने दोस्तों के साथ महिला के भाई को किया घायल
- निजामुद्दीन पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली, २१ जनवरी
निजामुद्दीन इलाके में रंगदारी मांगने व फायरिंग करने की शिकायत करना महिला व्यवसायी को भारी पड़ गया। आरोपी के भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर महिला व्यवसायी के भाई को चाकू मारकर घायल कर दिया और पिस्टल के बल से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर लहुलूहान कर दिया। निजामुद्दीन थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास व आम्र्स एक्ट आदि धाराओं में मामला दर्जकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार निदा खान निजामुद्दीन इलाके में रेस्टोरेंट चलाती है। नवंबर महीने में निजामुद्दीन इलाके के घोषित बदमाश असीफ कपूरी(२४) ने महिला व्यवसायी से रंगदारी मांगी थी। बदमाश एक राउंड फायरिंग कर फरार हो गए थे। निजामुद्दीन पुलिस ने तब मामला दर्जकर एसआई नागेंद्र कुमार की टीम ने असीफ कपूरी(२४), राशिद(१९) और दाऊद (२२) को गिरफ्तार किया था। इस बात का बदला लेने के लिए असीफ कपूरी के भाई साहिल कपूरी ने अमन और सोनू किडनी के साथ मिलकर महिला व्यवसायी के भार्ई अक्षय उर्फ मानुज को सात व आठ जनवरी की रात चाकू मारकर घायल कर दिया। चाकू अक्षय की कमर में लगा था। इसके बाद उसके सिर में पिस्टल की बट से कई वार किए।
निजामु्द्दीन थाना पुलिस मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश कर रही थी। निजामुद्दीन थानाध्यक्ष किशोर कुमार रेवाला की देखरेख में एसआई नागेंद्र की टीम ने तीनों आरोपी साहिल कपूरी, अमन और सोनू किडनी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चाकू व पिस्टल बरामद कर ली गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
--------
पुरुषोत्तम वर्मा