मंडी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग, बदले में एक-दो दिन की बंदी सहने को तैयार दुकानदार
---अवैध वेंडर्स के साथ सख्ती और अतिक्रमण से छुटकारा चाहते हैं गाजीपुर मंडी के दुकानदार, फूल मंडी में विस्फोटक मिलने के बाद से बढ़ी सख्ती, शनिवार को जारी रहा तलाशी अभियान, अगले आदेश तक फूल मंडी बंद
नई दिल्ली। गाजीपुर फूल मंडी में भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने के बाद दुकानदारों को अपनी व मंडी में रोजाना खरीदारी करने आने वाले लाखों लोगों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। मंडी के दुकानदारों का कहना है वह एक-दो दिन की बंदी सह लेंगे, लेकिन यहां रोजाना दुकान लगाने वाले सैकड़ों अवैध वेंडर्स के खिलाफ सख्ती होनी चाहिए और अतिक्रमण से छुटकारा मिलना चाहिए। फिलहाल अगले आदेश तक के लिए फूल मंडी को बंद कर दिया गया है। फूल मंडी के कुछ दुकानदारों को सब्जी मंडी के दो ब्लॉक में अभी दुकानें लगाने की अनुमति दी गई है।
गाजीपुर सब्जी मंडी के चेयरमैन राजकुमार बलान ने बताया कि सब्जी मंडी के बाहर रोजाना एक अवैध मंडी भी लगती है, जहां सैकड़ों अवैध वेंडर अपनी दुकानें लगाते हैं। जब तक इनके खिलाफ पुलिस द्वारा सख्ती नहीं बरती जाएगी, तब तक इस तरह के गंभीर परिणाम सामने आते रहेंगे। उन्होंने कहा कि किस्मत अच्छी थी, कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, वर्ना इतना भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है, कुछ भी हो सकता था। मंडी की सुरक्षा और यहां अवैध तरीके से लगाई जा रही दुकानों के खिलाफ मंडी के रजिस्टर्ड दुकानदार निरंतर आवाज उठाते रहे हैं। पिछले महीने भी पुलिस के साथ हुई बैठक में इस मुद्दे को गंभीरता के साथ उठाया गया था। सब्जी मंडी में रोजाना एक लाख से अधिक खरीदार आते हैं, इसलिए मंडी की सुरक्षा अहम है, व्यापारी इस तरह का खतरा मोल नहीं ले सकते।
पहचान पत्र से हो मंडी में प्रवेश
विस्फोटक मिलने के बाद से व्यापारी चाहते हैं सभी दुकानदारों का एक यूनिक पहचान पत्र बने। इस पहचान पत्र को दिखाने के बाद ही मंडी में प्रवेश करने की अनुमति दी जाए। राजकुमार बलान ने बताया की गाजीपुर मंडी में रोजाना दिल्ली के किसी बड़े रेलवे स्टेशन से अधिक भीड़ जुटती है। इसलिए मंडी में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना बहुत महत्वपूर्ण है।
विस्फोटक मिलने के बाद बढ़ी सख्ती
विस्फोटक मिलने के बाद मंडी में सख्ती बढ़ा दी गई है। शनिवार को सुबह सब्जी मंडी खुली थी, जबकि फल और फूल मंडी में तलाशी अभियान जारी था। दिन भर यहां पर पुलिस मुस्तैदी के साथ तैनात रही। जबकि यहां कारोबार ठप रहा। अधिकतर दुकानदारों ने माल ही नहीं मंगाया था, जिन्होंने माल मंगाया भी था, उन्होंने अपनी दुकानें बंद रखीं।
मंडी में सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत
भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने के बाद से गाजीपुर मंडी के व्यापारी सकते में हैं। करीब 38 एकड़ में मंडी फैली है, जिसमें से करीब 28 एकड़ में अकेले सब्जी मंडी है और 10 एकड़ में फल और फूल मंडी है। यहां करीब 800 से अधिक अधिकृत दुकानें हैं। फूल मंडी सीसीटीवी कैमरों से लैस है, लेकिन इतने बड़े क्षेत्रफल में फैली सब्जी मंडी में केवल 5 जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि इतने कैमरे काफी नहीं हैं। इसके अलावा व्यापारी चाहते हैं कि मंडी में धर्म कांटा लगाया जाए।
व्यापारियों को भारी नुकसान
मंडी बंद होने के बाद व्यापारियों का भारी नुकसान हो रहा है। मंडी बंद होने की सूचना मिलने के कारण शनिवार को ना के बराबर खरीदार यहां पहुंचे। फल और फूल मंडी तो बंद थी, लेकिन सब्जी मंडी में दुकानदारों ने सुबह माल मंगाया था, उनका माल नहीं बिका।
दुकानदारों ने साझा की परेशानी
विस्फोटक मिलने की खबर चारों तरफ फैलने के कारण अधिकतर खरीदार मंडी नहीं आए, हजारों रुपए का माल लेकर आए थे पुलिस ने सुबह मंडी बंद करवा दिया ---टेकचंद, फूल मंडी दुकानदार
---
शनिवार को अफवाह फैल गई थी कि मंडी बंद है, इसका खामियाजा उठाना पड़ा। सारा माल धरा रह गया, लेकिन सर्दी का महीना है, नुकसान कम होगा, सब्जियां आज की बजाय कल बेज लेंगे---इंद्रजीत, सब्जी मंडी दुकानदार
---
आदित्य पाण्डेय