केबल पर दिखाई जा रही है चितरंजन पार्क की सबसे बड़ी दुर्गा पूजा
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के चितरंजन पार्क स्थित काली मंदिर में हर साल भव्य तरीके से दुर्गा पूजा उत्सव का आयोजन किया जाता था। लेकिन इस साल कोविड-19 की वजह से यहां पर श्रद्धालुओं को आने से मना किया गया है।
चितरंजन पार्क की दुर्गा पूजा समिति ने एक स्थानीय टीवी केबल ऑपरेटर के माध्यम से लोगों के घरों में टीवी पर ही दुर्गा पूजा का प्रसारण कराने की जिम्मेदारी उठाई है। जिसके माध्यम से भक्त अपने घर के अंदर ही बैठे मां दुर्गा की मूर्ति का दर्शन कर सकते हैं। मंदिर समिति के अनुसार उनकी दुर्गा पूजा में हर साल लगभग ढाई लाख श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आते हैं। समिति के संयुक्त सचिव प्रदीप गांगुली ने बताया कि रोजाना टीवी पर लाइव आरती में भी शामिल हुआ जा सकता है। इसके अलावा फेसबुक और यूट्यूब पर भी दुर्गा पूजा का प्रसारण किया जा रहा है। इसी प्रकार पूर्वी दिल्ली में 38 दुर्गा पूजा समितियों कि संयुक्त संस्था पूर्वांचल दुर्गा पूजा समिति ने इस बार निर्णय लिया है कि प्रत्येक दुर्गा पूजा समिति के 10 सदस्य आंशिक दुर्गा पूजा का आयोजन करेंगे। यहां इस बार दुर्गा मां की प्रतिमा की बजाय केवल कलश स्थापित किया गया है। कश्मीरी गेट की धर्मार्थ संस्कृति दुर्गा पूजा समिति ने दावा किया है कि इस बार उन्होंने लगातार 111वें वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन किया है। लेकिन इस बार केवल कलश की पूजा की जा रही है। इसके साथ ही दुर्गा पूजा पंडाल में सीमित दर्शनार्थियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।
सोमवार को ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो के माध्यम से लोगों को बताया था कि इस साल चितरंजन पार्क की सभी दुर्गा पूजा स्थगित कर दी गई है। उन्होंने कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए आसपास के क्षेत्र वासियों को सीआर पार्क नहीं आने की सलाह दी थी। सौरभ भारद्वाज के इस संदेश के बाद चितरंजन पार्क काली मंदिर सोसायटी के संयुक्त सचिव प्रदीप गांगुली ने कहा कि केवल चितरंजन पार्क की गलियों में होने वाले दुर्गा पूजा आयोजन इस बार स्थगित किया गया है। सीआर पार्क काली माता मंदिर इस बार भी दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है। लेकिन श्रद्धालुओं को यहां आने की मनाही है।
---
आदित्य पाण्डेय