लॉकडाउन से दिल्ली वालों को नहीं मिलेगी कोई छूट -कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने लिया फैसला -एक हफ्ते बाद होगी हालात की समीक्षा, उसके बाद लिया जाएगा आगे का फैसला अमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली, 19 मार्च राजधानी में कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है कि सोमवार से लॉक डाउन में कोई ढील नहीं दी जाएगी। मौजूदा पाबंदियां अगले एक हफ्ते तक जारी रहेंगी। 27 अप्रैल को दिल्ली सरकार दुबारा से हालात की समीक्षा करेगी। इसके आधार पर आगे का फैसला किया जाएगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बताया कि दिल्ली में तेजी से कोरोना वायरस का संक्रमण फैल रहा है। स्थिति चिंताजनक लेकिन अभी भी नियंत्रण में हैं। दिल्ली की आबादी देश की कुल आबादी का दो फीसदी होने के बावजूद कुल मरीजों के 12 फीसदी यहीं हैं। यही नहीं, हर रोज इनकी संख्या बढ़ रही है। केजरीवाल ने कहा कि यह लॉकडाउन होने के बाद की स्थिति है। अगर लॉकडाउन न होता तो दिल्ली के हालात भी इटली, अमेरिका जैसे होते। अरविंद केजरीवाल ने माना कि लॉक डाउन से आम दिल्लीवालों को होने वाली परेशानियों से सरकार परिचित है। लेकिन दिल्ली की स्थिति बेहद संजीदा है। विदेश से आने वाले सबसे ज्यादा यात्री दिल्ली में आए। इससे संक्रमण बढ़ा। फिर, मरकज की सबसे ज्यादा मार दिल्ली पर पड़ी है। केजरीवाल ने माना कि लॉक डाउन से सबको बहुत परेशानी हो रही है। सरकार भी ढील देना चाहती है, लेकिन अगर इससे हालात खराब हुए तो मरीजों की संख्या बहुत ज्यादा होने से उनको आईसीयू में भर्ती कर पाना, वेंटिलेटर पर रख पाना संभव नहीं होगा। अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, ढिलाई देने पर अगर हालात हाथ से बाहर जाती है तो सरकार खुद को माफ नहीं कर पाएगी। ऐसी स्थिति में फैसला लिया गया है कि फिलहाल लॉकडाउन में कोर्ई ढील नहीं दी जाएगी। एक हफ्ते बाद जमीनी हालात की समीक्षा होगी। इसके आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉक डाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा था कि जमीनी हालात की समीक्षा करने के बाद राज्य सरकारें 20 अप्रैल से छूट दे सकती हैं। दिल्ली सरकार ने इस मसले में विशेषज्ञों से चर्चा करने के बाद फैसला लिया है कि वह लॉक डान में कोई छूट नहीं देगी। ---- संतोष कुमार