आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली के साथ ही गाजियाबाद से भी वोटर हैं।
बीजेपी की ओर से शिकायत मिलने के बाद दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय जांच में जुट गया है।
आयोग ने गाजियाबाद समेत दिल्ली के जिला चुनाव अधिकारियों को इस मामले में 48 घंटे में रिपोर्ट देने को कहा है।
चुनाव आयोग को शिकायत मिली है कि अरविंद केजरीवाल तीन जगह से वोटर हैं। पहले वह गाजियाबाद से वोटर थे, उसके बाद वह दिल्ली चुनाव लड़ने आए तो सुंदर नगरी में वोटर बने।
फिर नामांकन के दौरान उन्होंने जो सूचना दी है उसके मुताबिक वह नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से मतदाता हैं।
ऑनलाइन स्टेटस चेक करने पर वह सुंदर नगरी और नई दिल्ली दोनों जगह से मतदाता सूची में हैं।
इस पर आप के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव ने बताया कि अगर अरविंद का नाम दो जगह से शामिल है तो यह उनकी गलती नहीं है।
उनके मुताबिक नया वोटर बनते समय जो फॉर्म नंबर 6 भरा जाता है उसके आखिरी कॉलम में पूर्व में जहां से वोटर है उसकी सूचना देनी होती है।
अरविंद केजरीवाल ने यह सूचना दी है। इसके बाद भी अगर नाम है, तो वह उनकी गलती नहीं है। आयोग को वह नाम हटाना चाहिए था।
दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय देव ने बताया कि शिकायत को आधार बनाते हुए हमने उन इलाके के जिला चुनाव अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।