नई दिल्ली। लोधी कॉलोनी थाना इलाके में दिल्ली पुलिस के हवलदार ने अपनी सिपाही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी का शव लोधी कॉलोनी थाने से कुछ ही दूरी पर खड़ी कार में लहुलूहान अवस्था में मिला था।
सिर में गोली लगी हुई थी। पत्नी को एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लोधी कॉलोनी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर हवलदार की तलाश शुरू कर दी है। हवलदार की आखिरी लोकेशन मेरठ में आई है। दिल्ली पुलिस की एक टीम हवलदार की तलाश में मेरठ भेजी गई है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि लोधी कॉलोनी थाने का सिपाही मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाइक से पेट्रोलिंग कर रहा था। उसने देखा कि लोधी कॉलोनी पुलिस क्वाटर्स के नजदीक मैक्समूलर मार्ग पर एक कार संदिग्ध हालत में खड़ी हुई है। वहां कुछ लोग खड़े हुए हैं।
सिपाही ने देखा कि कार के अंदर ३० वर्षीय महिला लहुलूहान अवस्था में पड़ी हुई है। महिला के शव को एम्स में रखवा दिया है। बुधवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
बाद में महिला की पहचान रेनू के रूप में हुई। रेनू दिल्ली पुलिस में सिपाही थी और बाहरी-उत्तरी जिले के कोविड सेल में तैनात थी। रेनू ड्यूटी की वजह से बवाना, बाहरी दिल्ली में रहती थी।
डीसीपी अतुल ठाकुर ने बताया कि रेनू की वर्ष २०१० में मनोज से शादी हुई थी। मनोज ने अपनी पहली पत्नी को तलाक दे दिया था। मनोज भी दिल्ली पुलिस में हवलदार है और लोधी कॉलोनी में स्थित स्पेशल सेल में इंस्पेक्टर कैलाश विष्ट की टीम में तैनात है। हवलदार मनोज फरार है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हवलदार मनोज अपने स्पेशल सेल में तैनात हवलदार साथी से रात करीब डेढ़ बजे उसकी रिट्ज कार मांगकर ले गया था। कार लेते समय मनोज ने कहा था कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाना है। कार मांगते समय मनोज काफी तनाव में लग रहा था। मनोज को पकडऩे के लिए लोधी कॉलोनी थाना पुलिस के अलावा स्पेशल सेल को भी लगाया गया है।
सर्विस रिवाल्वर से हत्या
मनोज ने अपनी पत्नी रेनू की हत्या अपनी सर्विस रिवाल्वर से की है। रेनू के सिर में गोली लगने के निशान है। पुलिस को कार से एक कारतूस भी मिला है।
डीसीपी का ये कहना है
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल ठाकुर ने बताया कि शुरूआती जांच में ये पता लगा है कि घेरलू कलह की वजह से हवलदार मनोज ने अपनी पत्नी रेनू की हत्या की है। मनोज को गिरफ्तार करने की वजह से हत्या की वजह साफ हो पाएगी।