नई दिल्ली दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जेएनयू के छात्र शरजील इमाम के खिलाफ शिकंजा और कस दिया है। अपराध शाखा ने जामिया नगर इलाके में हुई हिंसा मामले में भी शरजील के खिलाफ देशद्रोह व लोगों को उकसाने की धारा लगा लगाई है। अपराध शाखा ने देशद्रोह की धारा लगाकर शरजील इमाम के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। सीएए व एनआरसी के खिलाफ जामिया नगर में हुई हिंसा मामले में सिर्फ शरजील के खिलाफ ही देशद्रोह की धारा लगाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शरजील के खिलाफ सबूत मिलने के बाद ये धाराएं लगाई हैं। सीएए व एनसीआर के खिलाफ सबसे पहले जामिया नगर इलाके में हिंसा हुई थी। १३ दिसंबर हिंसा की छुटपुट घटनाएं हुई थी, जबकि १५ दिसंबर को बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी। १३ दिसंबर को हुई हिंसा की एफआईआर जामिया नगर थाने एफआईआर(२६९/११९) रऔर १५ दिसंबर को हुई हिंसा को लेकर एक-एक एफआईआर जामिया नगर(२९८/१९) व न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी(२४२/१९) थाने में हुई थीं। इन मामलों की जांच अपराध शाखा को सौंप दी गई थी। अपराध शाखा ने जामिया नगर की एफआईआर(२९८/१६) में शरजील के खिलाफ देशद्रोह व उकसाने की धाराएं लगाई हैं। अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार शरजील ने १३ दिसंबर को शाम सात बजे जामिया नगर में भड़काऊ भाषण दिए थे। दोपहर दो बजे शाहीनबाग में भड़काऊ भाषण दिया था। शरजील ने भाषणों में कहा था कि पूरे देश में चक्का जाम कर दो ताकि उत्तर-पूर्वी राज्य भारत से अलग हो जाए। इसके अलावा शरजील पांच दिसंबर से जामिया नगर, शाहीनबाग के अलावा कुछ जगहों पर मजिस्दों में उकसाने वाले पर्चे बांट रहा था। शरजील के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने का अपराध शाखा में अलग से मामला दर्ज किया गया था। इस एफआईआर में उसके खिलाफ यूएपीए लगाई है।