अमर कॉलोनी थाने में तैनात सिपाही को हुआ कोरोना - दो थाने व चौकी से १०० से ज्यादा पुलिसकर्मी क्वारंटीन अमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली, २९ अप्रैल। दक्षिण-पूर्वी जिले के अमर कॉलोनी थाने में तैनात सिपाही भी कोरोना की चपेट में आ गया है। सिपाही को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिपाही के कोरोना पॉजिटीव पाए जाने के बाद अमर कॉलोनी व ओखला थाने से १०० से ज्यादा पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन किया गया है। इन दोनों थानों समेत सभी पुलिस बूथों व बैरक को सैनिटाइज किया गया है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार इससे पहले अमर कॉलोनी थाने की श्रीनिवासपुरी पुलिस चौकी के दो सिपाही कोरोना की चपेट में आ गए थे। अब अमर कॉलोनी थाने तक कोरोना पहुंच गया है। अमर कॉलोनी थाने के अलावा ओखला थाने पुलिस स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया गया है। ये सिपाही अमर कॉलोनी थाने में तैनात है और ओखला थाने में बनी बैरक में रहता है। इस बात की जांच की जा रही है कि सिपाही को कोरोना कैसे-कैसे हुआ। ये सिपाही किन-किन लोगों के साथ संपर्क में आया था। इन लोगों की भी पहचान की जा रही है कि जो सिपाही के संपर्क में आए थे। इन लोगों का पता कर उन्हें भी क्वारंटीन किया जाएगा। दिल्ली पुलिस में कोरोना से संक्रमित पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ती जा रही है। -------- पुरुषोत्तम वर्मा