नई दिल्ली। ’पाताल लोक’ वेब सीरीज का विवाद जोर पकड़ता जा रहा है। वेबसीरीज की निर्माता अनुष्का शर्मा पर हिंदू और सिखों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा है। दिल्ली के मुखर्जी नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के सिख प्रकोष्ठ के सह संयोजक जसप्रीत माटा ने मुखर्जी नगर थाना पुलिस से अनुष्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इसके साथ ही राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई है। जसप्रीत माटा ने बताया कि मामला हिन्दू व सिख समाज की धार्मिक भावनाएं आहत करने से जुड़ा है।
उनका आरोप है कि वेब-सीरीज ’पाताल लोक’ के एपिसोड 3 व एपिसोड 9 में बहुत ही विवादास्पद दृश्य प्रकाशित किए गए हैं। एपिसोड 3 में एक सिख व्यक्ति गरीब महिला का बलात्कार करते हुए दिखाया गया है।
इसी वेब-सीरीज के 9 वें एपिसोड में मंदिर के पंडित को मीट बनाते दिखाया गया है व इसे मंदिर परिसर में ही हिन्दू व्यक्ति को बांटा गया है। सिख समुदाय ने ‘पाताल लोक’ वेब-सीरीज पर तुरंत रोक लगाए जाने की मांग की है। इस संबंध में जसप्रीम माटा ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर जी से मांग की है कि इस मामले में वह खुद हस्तक्षेप करते हुए आवश्यक कार्रवाई करें। वहीं इस मामले में पुलिस काक कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।