नई दिल्ली। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने कहा है कि दसवीं (आईसीएसई) व बारहवीं (आईएससी) की शेष परीक्षाएं शनिवार व रविवार को भी होंगी। यह परीक्षाएं लॉकडाउन पर केंद्र सरकार के निर्देश केबाद आयोजित होंगी। इसके लिए बोर्ड परीक्षा की नई तिथियां परीक्षा शुरु होने केकम से कम आठ दिन पहले जारी करेगा। इस दौरान स्कूल भी परीक्षा लेने के लिए तैयार हो सकेंगे वहीं छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए तैयार कर सकेंगे। दसवीं के 6 विषयों व बारहवीं के आठ विषयों की परीक्षाएं अभी शेष हैं। लॉकडाउन होने के कारण परीक्षाएं नहीं कराई जा सकी थी। सीआईएससीई बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा संपन्न कराने के छ: से आठ हफ्ते के भीतर रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। इस बीच सीआईएससीई के अंतर्गत आने वाले स्कूल दसवीं के छात्रों को ग्याहरवीं में दाखिला दे सकते हैं। सीआईएससीई ने अपने स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाएं भी जारी रखने के लिए कहा है जिससे कि बच्चों की पढ़ाई जारी रह सके। स्कूल पहली से आठवीं तक केबच्चों को पढ़ाने के लिए फन और क्रिएटिव लेसन को शामिल कर सकते हैं।