नई दिल्ली। कंटेनमेंट जोन में बिना मास्क पहनकर घुमने से मना करने पर एक युवक ने सिपाही के साथ मारपीट की। सिपाही ने किसी तरह से युवक को काबू किया। युवक के खिलाफ पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार चांदनी महल इलाके में कोरोना वायरस के फैलने के बाद १० अप्रैल को इसे कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया। इस इलाके में बिना मास्क पहनकर घर से निकलने पर पाबंदी है। इलाके में पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रख रहे हैं। तुर्कमान गेट चौकी में तैनात सिपाही रूपलाल ने शुक्रवार को एक युवक को बिना मास्क पहनकर घुमते हुए देखा। रूपलाल के पूछने पर युवक ने बताया कि उसका मन ऊब गया था इसलिए वह बाहर निकल गया है। लेकिन मास्क के बारे में पूछे जाने पर उसे पहने से इंकार कर दिया। सिपाही ने युवक को पकडऩे की कोशिश की तो वह रूपलाल के साथ मारपीट करने लगा। रूपलाल किसी तरह से उसे काबू कर चौकी ले गया। जहां रूपलाल के बयान पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।