नई दिल्ली। आर्थिक अपराध शाखा ने मल्टी लेवल मार्केटिंग स्कीम के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले एक ठग को आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी वेबसाइट के जरिए ठगी कर रहा था। वह लोगों से स्कीम में रुपये लगाने पर हर माह पंद्रह से बीस फीसदी फायदा देने की बात कहता था। पुलिस को उसके सहयोगी की तलाश है। अपराध शाखा के उपायुक्त केके व्यास ने बताया कि वर्ष 2010 में ठगी की शिकायत मिली थी। इसमें कहा गया कि मेसर्स मैक्सीमस ट्रेड इनकारपोरेशन नाम की एक कंपनी ने जनवरी 2010 में आम लोगों के लिए एक मार्केटिंग स्कीम निकाली। कंपनी के नाम से एक वेबसाइट बनाई गई और उस पर स्कीम के बारे में बताया गया। वेबसाइट पर कंपनी के फॉरेन करेंसी एक्सचेंज में रुपये लगाने पर पंद्रह से बीस फीसदी मुनाफा देने की बात कही गई। स्कीम देखकर हजारों लोगों ने इसमें रुपये लगाए। करोड़ों रुपये मिलने के बाद कंपनी ने वेबसाइट को बंद कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि कंपनी का मालिक पश्चिम विहार निवासी अमित कोठारी है। मामला दर्ज होने से पहले ही वह दुबई भाग गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया और दिल्ली एयरपोर्ट पर आने की सूचना पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसने सहयोगी यमुना विहार निवासी मनोज शर्मा के साथ मिलकर यह स्कीम चलाई और लोगों से रुपये ऐंठने के बाद इसे बंद कर दिया। पुलिस ने अमित के दो बैंक खातों से 21 लाख रुपये जब्त कर लिए हैं।