नई दिल्ली। राजधानी में लड़कियों के साथ हो रही घटनाओं को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने लड़कियों को मनचलों से निपटने के लिये तैयार करना शुरू कर दिया है। अभी 60 स्कूलों की लड़कियों को विभिन्न मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मंगलवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के सामने स्कूली बालाओं ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया। शीला दीक्षित ने कार्यक्रम में घोषणा की कि प्रशिक्षण कार्यक्रम सभी स्कूलों में शुरू होगा। सरकारी स्कूलों में पढ़ रही लड़कियां अब आत्मरक्षा में और अधिक सक्षम हो गई हैं। मार्शल आर्ट की छह एसोसिएशन के प्रवीण प्रशिक्षक कराटे, ताइक्वांडो, जूड़ो, वुशू, जीत कूने दो और स्कवे में प्रशिक्षण दे रहे हैं। छह हजार लड़कियों ने मार्शल आर्ट के कई दांव-पेंच सीख लिए हैं। समारोह में शिक्षा मंत्री प्रो. किरण वालिया और शिक्षा निदेशक अमित सिंगला व सतपाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार प्रशिक्षण ले रही लड़कियों को पोषक आहार के लिए सहायता देगी ताकि वे प्रशिक्षण और उसके दौरान फिट रहें। प्रो. किरण वालिया ने कहा कि आत्मरक्षा के बारे में स्कूल की लड़कियों को अधिक से अधिक विश्वस्त बनाने की आवश्यकता को देखते हुए यह पहल की गई है।