नई दिल्ली। वसंत विहार पुलिस ने प्रतिबंधित दवा की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर
दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान मणिपुर निवासी इम्तयाज खान शेख और हिटलर के रूप में हुई। इनके पास से 55 हजार टेबलेट बरामद की गईं। आरोपी दवा को मणिपुर ले जा रहे थे। पुलिस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पी एस कुशवाह ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काफी मात्रा में प्रतिबंधित दवा मणिपुर ले जाने की योजना बना रहा है और मुनिरका बस स्टैंड पर दवा की खेप लेकर आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर इम्तयाज खान शेख (23) को धर दबोचा। उसके पास दो कार्टून थे, जिसमें 10 हजार टेबलेट मिलीं। पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट को दी। अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने इम्तयाज की निशानदेही पर उसके साथी हिटलर को मुनिरका गांव से दबोच लिया। इसके पास से प्रतिबंधित दवा की 45 हजार टेबलेट बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली व एनसीआर से केमिस्टों से दवा खरीदकर उसे मणिपुर ले जाते हैं। यह दवा ड्रग्स एडिक्ट को दी जाती है। वे दवा भरे कार्टून पर कपड़ा बांध कर उसे कुरियर के माध्यम से मणिपुर भेज देते थे। पुलिस का कहना है कि ये दवा डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं मिलती। इस मामले में कई अन्य की गिरफ्तारी संभव है। इम्तयाज पर वाहन चोरी के छह मामले दर्ज हैं।