नई दिल्ली। फर्श बाजार इलाके में तंबाकू देने से मना करने पर एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार 15 नवंबर को भीकम सिंह कॉलोनी निवासी बबलू (22) घर पर मौजूद था। पड़ोस में रहने वाला गोविंद उर्फ भूरे आया। उसने बबलू से तंबाकू मांगी। तंबाकू देने से मना करने पर गोविंद ने बबलू की डंडे से पिटाई शुरू कर दी। जब बबलू बेहोश होकर गिर पड़ा तो आरोपी फरार हो गया। घायलावस्था में बबलू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। दो माह पहले ही उसकी शादी हुई थी।