नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मौज-मस्ती का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार को भारी तादाद में लोगों ने मेले का रुख किया। शाम तक करीब 70 हजार दर्शक मेले में पहुंचे। आलम यह था कि साढ़े बारह बजे ही सभी टिकट काउंटर बंद करने पड़े। आम दर्शकों के लिए ट्रेड फेयर का पहला दिन मौज-मस्ती वाला रहा। सुबह से ही लोग प्रगति मैदान पहुंचने लगे थे। सबसे अच्छी बात रही कि किसी भी गेट पर लाइन में लग कर एंट्री नहीं करनी पड़ी। ट्रैफिक जाम की समस्या भी नहीं दिखी। दर्शक अपने राज्य के पवेलियन देख कर खुश हो रहे थे तो कई खरीदारी में जुटे रहे। मेले के यादगार पलों को लोग अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर रहे थे। राज्य के पवेलियन के साथ ही विदेशी पवेलियन भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। पाकिस्तान, चीन, थाईलैंड, हांगकांग के स्टॉल पर खासी भीड़ देखी गई। दर्शक अपने राज्य के व्यंजन का भी लुत्फ उठाते दिखे। फ्री एंट्री नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी प्रगति मैदान पहुंचेे। छुट्टी का दिन नहीं होने के बावजूद कई लोगों ने पूरे परिवार के साथ मेले में शिरकत की। देर शाम लोगों ने लाल थिएटर चौक पर रंगारंग कार्यक्रम का लुत्फ उठाया। सोमवार को हिमाचल और दिल्ली दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।