नई दिल्ली। व्यवसायी को अगवा कर उससे साढ़े 17 लाख लूट मामले में शाहबाद डेयरी पुलिस ने एक और आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से व्यवसायी की आई-10 कार, साढ़े तीन लाख रुपये, पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में पहले ही महिला और नाबालिग समेत पांच लोगों को पकड़ चुकी है। गिरोह के सदस्यों ने व्यवसायी का अश्लील फोटो खींचकर उससे ब्लैकमेल करने का प्रयास किया था। जिला पुलिस उपायुक्त भोला शंकर के मुताबिक, नरेला इलाके में रहने वाले जोगिंदर सिंह का शाहबाद डेयरी के दीप विहार में प्रॉपर्टी का काम है। 1 सितंबर को उसने पुलिस को बताया था कि दीप विहार में पुलिस की वर्दी पहने एक युवक ने उसे रोका और फिर तीन चार युवक और आ गए। सभी उसे कार समेत एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां पहले से दो युवक और एक महिला मौजूद थी। उन्हाेंने महिला के साथ उसकी (व्यवसायी) अश्लील फोटो खींच ली और साढ़े 17 लाख रुपये, चेन, कार और अन्य सामान लूटने के बाद छोड़ दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान जोगिंदर को एक पत्र मिला, जिसमें उसकी अश्लील फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर चार लाख रुपये की मांग की गई थी। इसके बाद पुलिस ने सोनीपत निवासी रमेश दहिया, अमित, भिवानी निवासी पवन और इनकी निशानदेही पर 15 वर्षीय लड़के और बलजीत नगर निवासी ललिता को धर दबोचा था। पूछताछ के दौरान पता चला था कि गिरोह का सरगना प्रदीप है। सूचना मिली कि प्रदीप अपने परिजनों से मिलने के लिए पूंठ आ रहा है, जहां घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।