नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 38 दिन में राजधानी में संक्रमण के सबसे ज्यादा केस मिले है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते एक दिन में संक्रमण के 261 नए केस मिले हैं, जबकि एक की मौत हो गई। 143 को डिस्चॉर्ज किया गया। इससे पहले दिल्ली में 22 जनवरी को 266 संक्रमित मिले थे। इसके बाद यह संख्या लगातार कम देखने को मिली। बहरहाल राजधानी में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 640182 हो चुकी है। इनमें से 627566 मरीजों को डिस्चॉर्ज किया जा चुका है। कोरोना वायरस से अब तक 10915 लोगों की मौत हुई है। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने और डिस्चॉर्ज कम होने की वजह से सक्रिय मामलों पर भी बड़ा असर पड़ा है। पिछले कई माह से सक्रिय मरीजों में कमी देखने को मिल रही थी लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 1701 हो चुकी है। वहीं कंटेनमेंट जोन की संख्या 585 है। विभाग के मुताबिक पिछले एक दिन में 66432 नमूनों की जांच की गई थी। संक्रमण दर 0.39 फीसदी रही।