बुराड़ी इलाके में स्कूटी सवार बदमाशों ने दो युवतियों से उनका मोबाइल झपट लिया। वहां से गुजर रहे एसएचओ ने दोनों को मदद के लिए चिल्लाते हुए सुना तो गश्त कर रही टीम को अलर्ट कर दिया। खुद एसएचओ भी बदमाशों के पीछे भागे। पेट्रोलिंग कर रही जैगुआर की टीम ने आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने स्कूटी को सड़क पर खड़ा किया और नाले में छलांग लगा दी। बदमाशों को पकड़ने के लिए सब इंस्पेक्टर भी नाले में कूद गया।
एक आरोपी को काबू कर लिया गया जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी निवासी अलाउद्दीन उर्फ कालिया (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक छात्रा का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। उसकी स्कूटी को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि मंगलवार शाम को बुराड़ी थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद गश्त पर निकले थे। इसके बाद वह थाने की ओर जा रहे थे। इस बीच उन्होंने देखा कि बुराड़ी चौक पर दो लड़कियां शोर मचाकर मदद मांग रही थी। थाना प्रभारी ने दोनों से पूछा तो पीड़िताओं ने बताया कि स्कूटी सवार बदमाशों ने एक युवती से मोबाइल लूट लिया है। दोनों ने स्कूटी का आधा नंबर बताकर उसका रंग थाना प्रभारी को बताया। फौरन राजेंद्र प्रसाद ने गश्त कर रही टीमों और जैगुआर टीम को सूचित किया।
इस दौरान आरोपियों का हूलिया भी बता दिया गया। खुद थाना प्रभारी आरोपियों के जाने की दिशा में चल दिए। आरोपी आउटर रिंग रोड की ओर भागे थे। आरोपियों को मुकुंदपुर फ्लाईओवर के पास देख लिया गया। टीम उनके पीछे भागी तो आरोपी वहीं स्कूटी खड़ी कर नाले में कूद गए।
जैगुआर टीम के एसआई दीपक शर्मा ने भी नाले में छलांग लगा दी। दूसरा आरोपी झुड़ियों का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। आरोपी अलाउद्दीन को काबू कर लिया गया। इस बीच पीड़िता भी वहां पहुंच गई। उन्होंने आरोपी को पहचान लिया। आरोपी के पास से छात्रा का मोबाइल फोन बरामद हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।