दिल्ली विधानसभा में मंगलवार को बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विपक्षी दल के आरोपों का जवाब दिया। खुद और अपनी पार्टी को कट्टर देशभक्त बताते हुए देश के लिए कुछ भी कर गुजरने की बात कही। केजरीवाल ने विपक्ष को कटघरे में भी खड़ा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए देश सबसे ऊपर है। देश को बेहतर बनाने के लिए आखिरी सांस तक मेहनत करते रहेंगे। जरूरत पड़ने पर देश के लिए कुछ भी कर सकते हैं। अभी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान पार्टी के संबंध में स्थिति साफ की थी। पंजाब बॉर्डर स्टेट है। देश की सुरक्षा, बॉर्डर की सुरक्षा उनके लिए सर्वोपरि है। अगर बॉर्डर और देश की सुरक्षा का कोई भी मसला होगा तो अरविंद केजरीवाल और पंजाब की आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार के साथ खड़ी होगी। उनकी सरकार देश की सुरक्षा के साथ किसी तरह की राजनीति नहीं करेगी।
केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी कट्टर देशभक्त, ईमानदारी और इंसानियत के तीन स्तंभों पर खड़ी है। इसलिए हम रेड लाइट पर भीख मांगने वाले बच्चों के लिए 10 करोड़ रुपये में शानदार बोर्डिंग स्कूल बनाएंगे। सरकारी अस्पतालों में सभी इलाज फ्री कर दिया है। घर-घर राशन योजना को लागू करने के लिए वह सबके पैर पड़े, लेकिन इन लोगों ने करने नहीं दिया। ऊपर वाला एक खिड़की बंद करता है तो दस खोल देता है। दिल्ली में न सही, पंजाब में लागू करके दिखाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने रोजगार बजट पेश किया है। जब से रोजगार बजट पेश हुआ, तब से दिल्ली ही नहीं, देशभर के युवा खुश हैं कि कम से कम देश की दिशा इस तरफ तो बढ़ी।
पहली बार पेश किया रोजगार बजट
केजरीवाल ने कहा कि आज देश का आम आदमी खड़ा हो गया है। जब दिल्ली में हमारी सरकार बनी तो हमने स्कूल और अस्पताल अच्छे किए। सड़कें अच्छी की। बिजली मुफ्त कर दी और आपूर्ति 24 घंटे कर दी। पानी फ्री कर दिया और घर-घर पहुंचाया। यह बात पूरे देश में फैल गई। कामों को लेकर पूरे देश में एक उम्मीद जागी है। देश आजाद होने के समय से ही युवाओं की रोजगार की समस्या रही है। इसकी चर्चा चुनावी सभाओं में होती है। अब आजाद भारत के इतिहास में पहली बार हो रहा है कि एक बजट केवल रोजगार के इर्द-गिर्द बनाया गया है। बच्चों को रोजगार देने और सबके घर में खुशहाली लाने के लिए बनाया गया है।
पहले सरकार मतलब होता था काम रोको
मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 साल से देश में सरकार मतलब काम रोको, जनता को कुछ करने न दो, जनता के काम रोको था। पहली बार एक सरकार आई है, जो जनता के काम करने के लिए बनी है। इस देश में बहुत टैलेंट है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया स्कूलों के अंदर बिजनेस ब्लास्टर करा रहे हैं। इस दौरान टैलेंट निकलकर आ रहा है।
सभी पार्टियों और नेताओं ने देश को लूटा
केजरीवाल ने कहा कि सभी पार्टियों और नेताओं ने देश को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कॉमनवेल्थ गेम्स, 2 जी, कोयला, स्पेक्ट्रम, राफेल, सहारा बिड़ला, ताबूत घोटाला, व्यापक स्कैप, विजय माल्या को भगा दिया, ललीत गेट्स स्कैम, पनामा पेपर, यहां तक कि देश की डिफेंस को भी नहीं छोड़ा। जनता को बहुत ज्यादा तकलीफ होती है।