नई दिल्ली। जल्दी पैसा कमाने के लालच में मोती नगर और कीर्ति नगर इलाके में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे एक आरोपी को कीर्ति नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सूरज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के दो लैपटॉप, एक बैग और एक पेन ड्राइव बरामद की है। आरोपी की गिरफ्तारी से कीर्ति नगर थाने में दर्ज चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है। जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 18 नवंबर को सुदर्शन पार्क निवासी रंजीत सिंह ने कीर्ति नगर थाने में शिकायत दी थी कि उनके घर से दो लैपटॉप और नकदी चोरी हो गई है। थाना प्रभारी महाबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में छानबीन करने के साथ तकनीकी निगरानी और सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। 24 नवंबर को पुलिस टीम ने एक सूचना पर आरोपी को राजौरी गार्डन से गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो