नई दिल्ली। द्वारका साउथ थाना इलाके में भैया दूज पर बहन को आईफोन गिफ्ट करने के लिए बदमाश ने डिलीवरी बॉय का बैग चुरा लिया। बैग में लाखों के सामान थे। पुलिस ने करीब सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के बाद पालम से आरोपी राज कुमार को दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से आईफोन समेत तीन फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है। जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 5 अक्तूबर को द्वारका साउथ थाना पुलिस को बैग चोरी होने की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सोसाइटी में सामान डिलीवरी करने आया था। वह सोसाइटी के गेट पर अपने बाइक पर बैग छोड़कर गया था। वापस आने पर बैग गायब मिला। बैग में करीब तीन लाख रुपये का डिलीवरी सामान था। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया। सूचना के आधार पर पुलिस ने पालम गांव से राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोस्त कुणाल के साथ उसने वारदात को अंजाम दिया था।