नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के प्रधान लेखा कार्यालय (पीएओ) ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण (आईएफसी) विभाग की सभी डिवीजनों के पक्ष में जारी सभी लेटर ऑफ क्रेडिट (एलओसी) को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है। यह निर्णय वित्त विभाग, दिल्ली सरकार के आदेश के आधार पर लिया गया है। इसमें इन विभागों के लिए एलओसी जारी करने की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया था। पीएओ ने 16 अक्तूबर तक पीडब्ल्यूडी और आईएफसी के विभिन्न डिवीजनों के पक्ष में कई लेटर ऑफ क्रेडिट जारी किए थे। अब, सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार, इन सभी एलओसी को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है, और इनके खिलाफ किसी भी भुगतान की अनुमति नहीं होगी। इस कदम से पीडब्ल्यूडी और आईएफसी के सभी डिवीजनों को प्रभावित किया जाएगा, और संबंधित कार्यकारी अभियंताओं को पहले जारी एलओसी के खिलाफ चेक जारी न करने के निर्देश दिए गए हैं।