बारहवीं बोर्ड कक्षा और जेईई मेन 2022 की तिथि में टकराव के चलते इंजीनियरिंग में दाखिले की प्रवेश परीक्षा में बदलाव कर दिया गया है। जेईई मेन के पहले सत्र की परीक्षा जो पहले 21 अप्रैल से चार मई तक आयोजित होनी थी, अब वह परीक्षा 20 से 29 जून तक आयोजित होगी। वहीं, जेईई मेन के दूसरे सत्र की परीक्षा मई की बजाय जुलाई में आयोजित होगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की वरिष्ठ निदेशक डॉ. साधना पाराशर की ओर से बुधवार देर शाम जेईई मेन 2022 के दोनों सत्रों की परीक्षा की तिथि में बदलाव की अधिसूचना जारी की गई है। एनटीए के मुताबिक, 14 मार्च को जेईई मेन 2022 के लिए जारी शेड्यूल में यह बदलाव किया गया है।
नए शेड्यूल के मुताबिक, जेईई मेन 2022 के पहले सत्र की परीक्षा अब 20, 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 28 व 29 जून को दो-दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। जबकि जेईई मेन के दूसरे सत्र की परीक्षा 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 28, 29 और 30 जुलाई को आयोजित होगी। जेईई मेन 2022 के पहले सत्र की परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो बंद हो चुकी है। वहीं, जेईई मेन 2022 के दूसरे सत्र की परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो जल्द ही ओपन की जाएगी।