नई दिल्ली। दिल्ली वक्फ बोर्ड में कथित अवैध नियुक्तियों के मामले में आम आदमी पार्टी के ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान और 10 अन्य आरोपियों के खिलाफ शनिवार को सुनवाई टल गई। राउज एवेन्यू जिला अदालत के विशेष न्यायाधीश दिग विनय सिंह के अवकाश पर होने के चलते सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले में अगली सुनवाई 12 दिसंबर को होगी। अदालत ने सभी 11 आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था। यह मामला 2016 से 2021 के बीच दिल्ली वक्फ बोर्ड में विभिन्न पदों पर हुई कथित अनियमित नियुक्तियों से जुड़ा है। उस समय अमानतुल्लाह खान बोर्ड के अध्यक्ष थे। सीबीआई का आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर निर्धारित भर्ती प्रक्रिया का पालन किए बिना रिश्तेदारों और परिचितों समेत 10 लोगों की नियुक्ति कराई। एजेंसी ने इसे आपराधिक साजिश का हिस्सा बताया है। सह-आरोपी महबूब आलम को बोर्ड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त कराने का भी आरोप है। संवाद