ध्यानार्थ-बहादुरगढ़ के लिए उपयोगी।
बहादुरगढ़ में रंगदारी के मामले में था वांछित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अनिल गंजा उर्फ पहलवान उर्फ लीला गैंग के शार्प शूटर नया गांव, बहादुरगढ़, झज्जर निवासी सुमित को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना सिटी बहादुरगढ़ में रंगदारी के एक मामले में वांछित था। इसके खिलाफ 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह थाना सिटी बहादुरगढ़, हरियाणा का हिस्ट्रीशीटर है। इसके कब्जे से एक लोडेड पिस्तौल भी बरामद की गई।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव के अनुसार, एसीपी नरेश कुमार की टीम में तैनात एसआई सचिन गुलिया को सूचना मिली थी कि अनिल गंजा उर्फ लीला गैंग का सक्रिय शार्प शूटर सुमित दिल्ली के झाड़ौदा कलां गांव के इलाके में आने वाला है। एसीपी नरेश कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार, इंस्पेक्टर गुलशन, एसआई सचिन व एएसआई सुरेंद्र की टीम ने सुमित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुमित ने यस बैंक के एक कर्मचारी से रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने पर पीड़ित के घर पर गोलियां चलाईं।
आरोपी ने बताया कि बहादुरगढ़, हरियाणा में प्रोटेक्शन मनी के बंटवारे को लेकर उसका और दूसरे गिरोह के सदस्यों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी सुमित झगड़े का बदला लेने के लिए व प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों को खत्म करने का मौका तलाश रहा था।
टोल टैक्स कर्मचारियों पर चलाई थीं गोलियां
आरोपी ने खुलासा किया कि वर्ष 2015 में उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बामनोली टोल टैक्स, बहादुरगढ़ के कर्मचारियों पर जबरन वसूली के लिए गोलियां चलाई थीं। जब आरोपी सुमित जेल में था, तो उसने अपने करीबी सहयोगी दीपक सैनी की मौत का बदला लेने के लिए एक बड़ी साजिश रची। उसने विकास उर्फ काला को खत्म करने के लिए शूटरों की व्यवस्था की और 31 मई 2018 को उसके साथियों ने मेन बाजार रोड, बहादुरगढ़ में विकास उर्फ काला की हत्या कर दी।