नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उसकी सरकारों के डीएनए में फर्जीवाड़ा शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जहां भी सत्ता में होती है, वहां लोकतंत्र और पारदर्शिता की जगह धांधली और छल का शासन चलता है। लिहाजा देश को बचाने के लिए अब जनता को लोकतांत्रिक तरीकों से आवाज उठानी होगी, क्योंकि भाजपा हर संस्था को अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल कर रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव जैसे छोटे से चुनाव में भी फर्जीवाड़ा किया, जहां पार्टी का लगाया हुआ पीठासीन अधिकारी सीसीटीवी कैमरे के सामने मतपत्रों से छेड़छाड़ करते पकड़ा गया, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने उजागर किया। इसके बावजूद भाजपा नेताओं ने न तो माफी मांगी, न शर्म दिखाई। उन्होंने कहा कि ये लोग फर्जीवाड़े को अपनी चाणक्य नीति बताते हैं और हर चुनाव में इसका इस्तेमाल करते हैं। दिल्ली में प्रदूषण की गंभीर स्थिति पर बोलते हुए भारद्वाज ने कहा कि पूरी दिल्ली खांस रही है, हर घर में कोई न कोई व्यक्ति बीमार है, मगर भाजपा सरकार ने यहां भी एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) के आंकड़ों में फर्जीवाड़ा किया है ताकि जनता को गुमराह किया जा सके। ब्यूरो