नई दिल्ली। इंद्रपुरी के टोडापुर स्थित गैस गोदाम झुग्गी के पास सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें स्कूटी और कार चालक के अलावा घटना के बाद स्कूटी में आग लगने वाले दो आरोपी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह 68 वर्षीय मदीना खातून टोडापुर से नारायणा लोहा मंडी की ओर जाने वाली सड़क को पार कर रही थीं। इसी दौरान एक स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गिर गईं और पीछे से आ रही कार ने कुचल दिया। उन्हें अस्पताल में ले जाया गया। इस बीच वहां भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने स्कूटी में आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और इस बाबत दो मामले दर्ज कर लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालकों और उपद्रव करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को जमानत मिल गई है। उपद्रव करने वाले रोशन लाल और राज किशोर को जेल भेज दिया है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार, उपद्रव करने वाले अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। ब्यूरो