यूपी के भदोही से भाजपा सांसद डॉ. रमेश चंद्र बिंद से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। सांसद के सरकारी मोबाइल पर फोन कर रंगदारी मांगी गई है और नहीं देने पर सांसद व उनके बेटे का अपहरण कर हत्या की धमकी दी गई है। धमकी के बाद सांसद के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस जांच में जुटी है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लग गया है। प्राथमिकी के अनुसार, मंगलवार रात सांसद के सरकारी आवास पर मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। पहली कॉल करीब एक मिनट 16 सेकंड की थी। इसमें फोन करने वाले ने उन्हें अपहरण की धमकी दी।
साथ ही, अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद सांसद ने फोन काट दिया। धमकी देने वाले ने दोबारा फोन किया, पर सांसद ने फोन नहीं उठाया। कुछ समय बाद फिर से सांसद के मोबाइल पर फोन आया और करीब तीन मिनट तक बात हुई।