दिल्ली के खाद्य व आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने मंगलवार को फराश खाना क्षेत्र में दो मंजिला इमारत गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में घायल हुए पीड़ितों से मिलने लोक नायक अस्पताल पहुंचे। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और नौ लोग घायल हैं।
इमरान हुसैन ने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। अस्पताल प्रशासन को घायलों को अच्छी मेडिकल सुविधाएं देने का निर्देश दिया। उन्होंने दिल्ली सरकार की तरफ से प्रत्येक मृतक के परिजन को 10-10 लाख रुपये, मृत बच्ची के परिजनों को पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये व घायलों को 20 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इमरान हुसैन ने मृत बच्ची के परिवारजनों से भी मुलाकात की और उन्हें हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार संकट के समय हमेशा दिल्ली के लोगों के साथ खड़ी रहती है।
भले ही अनुग्रह राशि प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती है, पर उम्मीद है कि दिल्ली सरकार की इस छोटी सी वित्तीय सहायता से परिवार के सदस्यों को आगे के जीवन यापन में कुछ सहायता जरूर मिलेगी।