नई दिल्ली। जहरीली हवा के स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि घर से बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला एन95 मास्क पहनें, सुबह-शाम सैर करने से बचें और खुले में व्यायाम करने के बजाय घर के अंदर ही कसरत करें। इसके साथ ही घर में एयर प्यूरीफायर लगाने और पर्याप्त पानी पीने की भी सलाह दी गई है। रेस्पिरेटरी और स्लीप मेडिसिन विभाग के डॉ. अभिनव भनोट ने कहा कि ऐसा एन95 मास्क पहनना चाहिए, जो नाक और मुंह को अच्छी तरह ढंक सके। उन्होंने कहा कि जब वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का स्तर बहुत ज्यादा हो तो खुले में व्यायाम बिल्कुल नहीं करना चाहिए। इसके बजाय घर या जिम के अंदर कसरत करनी चाहिए। इंटरनल मेडिसिन, रेस्पिरेटरी और स्लीप मेडिसिन के डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि खराब एक्यूआई और स्मॉग के दौरान बाहर निकलने से बचना चाहिए। ब्यूरो