पिता-पुत्र में आए दिन होता था झगड़ा, आरोपी बेटा गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के अंबेडकर नगर में कलयुगी बेटे ने सिर दीवार में मारकर बुजर्ग पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे दीपक भट्ट (37) को घर से ही गिरफ्तार कर लिया। कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में दीपक का पैर टूट गया था। वह घर पर ही रहता था। दीपक का अपने पिता से घर के छोटे-छोटे मामलों को लेकर आए दिन झगड़ा होता रहता था।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लीलाधर भट्ट सीआरपीएफ से असिस्टेंट कमांडेंट के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह अपने बेटे दीपक व बहू के साथ 1456/42, डीडीए फ्लैट्स मदनगीर में रहते थे। दीपक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, इस कारण उसकी पत्नी नौकरी करती थी। ऐसे में बुजुर्ग घर का काम करते थे। इस कारण बेटे व पिता में आए दिन झगड़ा होता था। झगड़े में बेटे ने पिता का सिर दीवार में दे मारा। बुजुर्ग अचेत होकर वहीं गिर पड़े। दीपक की पत्नी ने रात 11.50 बजे इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने लीलाधर भट्ट को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मौत हो गई।