नई दिल्ली। विधानसभा अध्यक्ष व रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि संवाद और काउंसलिंग से विवाद टकराव बनने से पहले ही सुलझाए जा सकते हैं। पारिवारिक मामलों का समाधान टकराव नहीं बल्कि समझ और संवेदनशीलता से होना चाहिए। वह शनिवार को रोहिणी में लीगल हेल्प सर्विस सेंटर के उद्घाटन पर बोल रहे थे। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आज शुरू की गई यह पहल समाज की वास्तविक और आवश्यक जरूरतों को पूरा करती है। पुलिस थाने का वातावरण पारिवारिक और संवेदनशील मामलों के समाधान के लिए उपयुक्त नहीं होता और कई बार समस्या को अधिक जटिल बना देता है। उन्होंने कहा कि जब घरेलू मामला थाने तक पहुंच जाता है तो उसका स्वरूप बदल जाता है। ऐसे में काउंसलिंग और संवाद आधारित लीगल हेल्प सर्विस सेंटर जैसे मंच मानवीय और प्रभावी समाधान निकालते हैं। यहां बातचीत और आपसी समझ के माध्यम से विवादों का समाधान किया जा सकता है। ब्यूरो