नई दिल्ली। चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव एवं प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद प्रवीण खंडेलवाल से आग्रह किया है कि इस वर्ष दिसंबर में चांदनी चौक महोत्सव का आयोजन किया जाए। कपूर ने कहा कि चांदनी चौक न केवल धार्मिक स्थलों और थोक व्यापार के लिए जाना जाता है, बल्कि यहां की गलियां मिर्जा गालिब की शायरी और कवि सुरेंद्र शर्मा की कविताओं की गूंज से भी ऐतिहासिक पहचान रखती हैं। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम में भी इस क्षेत्र के नागरिकों ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने सुझाव दिया कि महोत्सव एक सप्ताह तक चले, जिसमें दिल्ली सरकार बाजार की दुकानों को रात 12 बजे तक खुला रखने की अनुमति दे। साथ ही, मुख्य मार्ग पर स्टॉल लगाकर न सिर्फ पुरानी दिल्ली बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों के व्यंजन उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा कव्वाली, लोकगीत और संगीत कार्यक्रमों का भी आयोजन हो ताकि लोगों को विविध सांस्कृतिक अनुभव मिल सके।प्रवीण शंकर कपूर का कहना है कि ऐसा आयोजन न केवल पुरानी दिल्ली की सांस्कृतिक धरोहर को जीवित करेगा, बल्कि व्यापार को भी नई गति देगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। ब्यूरो