नई दिल्ली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय जनजातीय बालिका के यौन उत्पीड़न, शारीरिक प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप के मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है। एबीवीपी ने कहा कि इस मामले में पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज होना बेहद गंभीर विषय है। इसकी त्वरित और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए। एबीवीपी ने कांग्रेस और उसके छात्र संगठन एनएसयूआई से जुड़े पूर्व के कुछ मामलों का हवाला देते हुए पार्टी के महिला सम्मान संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक पद या प्रभाव के कारण न्याय की प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए। ब्यूरो