दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में तीसरी कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) सूची के तहत बृहस्पतिवार को दाखिले की फीस जमा करने का अंतिम दिन है। ऐसे छात्र जिन्होंने दाखिला स्वीकार कर लिया है और कॉलेजों की ओर से भी उनका सत्यापन करने के साथ दाखिला स्वीकार कर लिया गया है वे शाम चार बजकर 59 मिनट तक दाखिले की फीस जमा कर सकते हैं। फीस जमा करने के लिए यह अंतिम अवसर है। इसके बाद छात्रों को तीसरे चरण की फीस जमा करने का मौका नहीं दिया जाएगा।
डीयू के मुताबिक, बुधवार शाम पांच बजे तक छात्रों के आवेदनों को सत्यापित करने के साथ स्वीकार कर लिया गया है। अब छात्र 17 नवंबर तक दाखिले की फीस जमा कर सकते हैं। डीयू की छात्रों को सलाह है कि अंतिम समय में होने वाली परेशानी से बचने के लिए छात्र समय से पहले ही दाखिले की फीस जमा कर दें। वहीं, ईसीए, स्पोर्ट्स, कश्मीरी विस्थापित, शहीदों के बच्चे और जीसस एंड मेरी कॉलेज व सेंट स्टीफंस कॉलेज के लिए ईसाई समुदाय के छात्रों को सीटों को अपडेट करने का मौका मिलेगा।
डीयू के मुताबिक, यदि शेष नौ हजार सीटों में से कुछ सीटें खाली रह जाती हैं, तो दाखिला प्रक्रिया 27 नवंबर तक चलेगी। इसके तहत 20 नवंबर तक स्पॉट राउंड की घोषणा की जाएगी। स्पॉट राउंड की घोषणा होने के बाद छात्रों को आवेदन करना होगा व डीयू की ओर से सूची जारी की जाएगी। इस प्रक्रिया में भी छात्रों को सीटें स्वीकार करने के साथ दाखिले की फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी।