दक्षिण दिल्ली के महरौली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आने के बाद अब गोविंदुपरी इलाके में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक युवक ने पहले तो अपने नाबालिग चचेरे भाई की जमकर मारपीट की। उसके बाद कपड़े उतारकर प्रेस से उसके पूरे शरीर को दाग दिया। आरोपी ने प्रेस से किशोर (15) का मुंह, कंधा, पीठ व आगे-पीछे से निजी अंगों को जला दिया।
किशोर की गलती ये थी कि वह कुछ दूर मोटरसाइकिल चलाने ले गया था। पीड़ित किशोर को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। गोविंदपुरी थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मंगलवार हत्या का प्रयास, पोक्सो व जेजे एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है।
घटना सोमवार शाम भूमिहीन कैंप, गोविंदपुरी में हुई है। आरोपी युवक(22) के पास मोटरसाइकिल है। किशोर उससे बिना पूछे उसकी मोटरसाइकिल ले गया था। दक्षिण जिले की साकेत थाना इलाके में किशोर को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने कागजात नहीं होने की वजह से मोटरसाइकिल बंद कर दी थी। ये बात उसने अगले दिन युवक को बताई। इस बात पर युवक इतना आग-बबूला हो गया कि वह किशोर को पहली मंजिल पर ले गया।
यहां उसने पहले तो उसने किशोर से जमकर मारपीट की। इसके बाद उसके कपड़े उतारकर गर्म प्रेस से पूरे शरीर को दाग दिया। किशोर जब चिल्लाने लगा तो परिजनों को इसका पता लगा। परिजनों ने उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों ने सोमवार शाम को 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी युवक फरार है। उसे पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।