फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक और खाता खाली!: 22 हजार लोगों को भेजी ये छोटी फाइल, पांच दिन चला ऑपरेशन; 20 करोड़ की ठगी का खुलासा

Sat, 21 Nov 2026 04:36 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दिल्ली पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये ठग केवाईसी और पेंशन के नाम पर व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर लोगों को ठगते थे।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस ने ठगों को पकड़ा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बैंक का केवाईसी अपडेट कराना हो, पेंशन का लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना हो या बिजली का बिल भरना हो... साइबर ठग अब इन जरूरतों को ही लोगों के बैंक खाते तक पहुंचने का रास्ता बना रहे हैं। बैंक अधिकारी, बिजली कंपनी या सरकारी योजना का प्रतिनिधि बनकर लोगों को व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी जाती थी। एक क्लिक करते ही मोबाइल में सेंध लग जाती और पीड़ित की बैंकिंग जानकारी, ओटीपी से लेकर निजी डेटा तक ठगों के हाथ पहुंच जाता। इसी तरीके से देशभर में 22 हजार से अधिक लोगों को निशाना बनाकर 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम ठगने वाले सिंडिकेट पर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जामताड़ा और आसपास के इलाकों से जुड़े इस नेटवर्क के 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कथित एपीके फाइल और ठगी के पैनल तैयार करने वाले भी शामिल हैं।

विज्ञापन




साइबर ठगी का एक सिंडिकेट बेनकाब
पश्चिमी जिला साइबर पुलिस ने इस सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ने के लिए एक हजार से अधिक साइबर शिकायतों का विश्लेषण किया। 20 से अधिक ई-एफआईआर और संदिग्ध एपीके फाइलों की जांच के दौरान ठगी का एक संगठित नेटवर्क सामने आया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और लोकेशन जुटाने के बाद झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में पांच दिन तक ऑपरेशन चलाया। सात टीमों में शामिल 64 पुलिसकर्मियों ने 17 ठिकानों पर दबिश देकर 22 आरोपियों को दबोच लिया। जांच में आरोपियों के खिलाफ देशभर में 22,139 पीड़ितों को निशाना बनाने और 2080 शिकायतों के सीधे जुड़े होने का पता चला है।
विज्ञापन


पेंशन से लेकर बिजली बिल तक के नाम पर भेजते थे फर्जी एप
जांच में सामने आया कि आरोपी खासकर बुजुर्गों को निशाना बनाते थे। उन्हें बैंक केवाईसी, पेंशन का लाइफ सर्टिफिकेट, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने, बिजली बिल अपडेट, गैस कनेक्शन और सरकारी योजनाओं के नाम पर फोन या व्हाट्सएप संदेश भेजे जाते थे। भरोसा जीतने के बाद आरोपी पीड़ितों से एक एपीके फाइल डाउनलोड करवाते थे। मोबाइल में एप इंस्टॉल होते ही वह बैंकिंग जानकारी, एसएमएस, ओटीपी, कॉल और गैलरी तक पहुंचने की अनुमति मांगता था। इन अनुमतियों का फायदा उठाकर आरोपी मोबाइल और बैंक खातों पर नियंत्रण हासिल कर लेते थे। इसके बाद खातों से रकम निकालने, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने और क्रेडिट कार्ड की लिमिट इस्तेमाल कर ठगी की जाती थी।

डेवलपर से लेकर ठगी करने वाले तक का नेटवर्क
पुलिस ने जांच में 11 अलग-अलग ठग समूहों और एपीके पैनल तैयार करने वाले नेटवर्क की पहचान की है। आरोपी केवल ठगी करने वाले नहीं थे, बल्कि इस नेटवर्क में एपीके तैयार करने, उन्हें वितरित करने और अलग-अलग लोगों तक पहुंचाने वाले सदस्य भी शामिल थे। पुलिस ने 32 संदिग्ध एपीके फाइलों की फॉरेंसिक जांच की, 56 से अधिक टेलीग्राम प्रोफाइल और उनसे जुड़े व्हाट्सएप नंबरों की पड़ताल की। आरोपियों के पास से 63 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक और एक टैब बरामद हुआ है। इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में ठगी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने की उम्मीद है।

ऑपरेशन के बाद दिल्ली में शिकायतें आधी से भी कम
दिल्ली में इस ऑपरेशन का असर साइबर ठगी की शिकायतों में भी दिखाई दिया है। पुलिस के मुताबिक, दो से 10 नवंबर के बीच एपीके फाइल से संबंधित 1406 शिकायतें दर्ज हुई थीं। वहीं, 11 से 17 नवंबर के बीच इनकी संख्या घटकर 724 रह गई। पुलिस इसे ऑपरेशन के बाद एपीके आधारित साइबर ठगी में 50 फीसदी से अधिक गिरावट के रूप में देख रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और ठगी के नए तरीकों की जानकारी जुटाई जा रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें