दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने पीडब्ल्यूडी समेत निर्माण कार्य से जुड़े विभागों को आदेश दिया है कि वह अपने यहां कार्यकारी अभियंता स्तर का एक नोडल अधिकारी नियुक्त करे। कोरोना काल में इनका काम निर्माण मजदूरों की हर स्तर पर मदद करना है।
नोडल अधिकारी मजदूरों के पंजीकरण और श्रमिक बोर्ड की तरफ से दी जाने वाली मदद के बारे में भी उनको जानकारी देंगे। इससे मजदूरों में यकीन जगाया जा सकेगा कि व्यवस्था उनके साथ खड़ी है। गोपाल राय ने मंगलवार को संबंधित विभागों के प्रमुखों के साथ इस संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग से चर्चा की। इसमें पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव, श्रम विभाग के सचिव समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इस मौके पर गोपाल राय ने अधिकारियों को बताया कि निर्माण मजदूरों को श्रमिक बोर्ड आर्थिक मदद दे रहा है। इसके लिए उनका पंजीकरण या नवीनीकरण भी किया जा रहा है। अभी तक अप्रैल व मई के लिए मदद जारी भी कर दी गई है।
गोपाल राय ने आदेश दिया कि निर्माण मजदूरों की मदद के लिए संबंधित विभाग कार्यकारी अभियंता स्तर पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त करे। अधिकारियों ने भी नोडल अधिकारी के नियुक्ति को सही बताया और कहा कि निर्माण मजदूरों की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में सरकारी एजेंसियों को अपडेट करने के लिए बोर्ड कार्यशाला भी आयोजित करे। गोपाल राय ने तत्काल प्रभाव ने इस मांग का स्वीकार कर लिया।