प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार का विंटर एक्शन प्लान तैयार
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय बोले - बढ़ रहा प्रदूषण का स्तर, जरूरत पड़ने पर बढ़ाई जाएगी सख्ती
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार खराब हो रहा है। इसी बीच पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सरकार प्रदूषण से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी समस्या से निपटने के लिए विंटर एक्शन प्लान भी तैयार है। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर 300 पार कर चुका है। सर्दी बढ़ने के साथ प्रदूषण बढ़ेगा। मंत्री ने कहा, इससे निपटने के लिए पटाखों पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही जनता से सहयोग की अपील की है। सभी के सहयोग से स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
राय ने कहा, जाम के कारण होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों को पुलिस बल बढ़ाने का निर्देश दिया है। दिल्ली में भारी ट्रैफिक जाम के तहत 91 प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री के साथ हुई बैठक के बारे में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आने वाली बसों से प्रदूषण में वृद्धि होती है। उन्होंने मांग रखी कि दिल्ली की तरह पड़ोसी राज्यों में सीएनजी या इलेक्ट्रिक बसें आनी चाहिए।
गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में मौजूद 13 के अलावा आठ और प्रदूषण हॉटस्पॉट की पहचान की गई है। इसकी रोकथाम के लिए एक विशेष टीम बनाई जाएगी। प्रदूषण के स्थानीय स्रोतों की पहचान और निरीक्षण करने के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं, पराली के संबंध में उन्होंने कहा कि इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।