नगर में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर युवक की हत्या कर दी गई। युवक पर चाकू से दो दर्जन से अधिक वार किए गए। घटना को पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों ने अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो चाकू बरामद किए गए हैं। मृतक की शिनाख्त रामा रोड निवासी बलराम मिश्रा के रूप में हुई है। आरोपियों की पहचान रामा रोड झुग्गी निवासी बंटी, सुरजीत, राहुल और संजू के रूप में हुई है। एक आरोपीे नाबालिग है।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने लूटपाट का विरोध करने पर ट्रक ड्राइवर जक्की मोहम्मद की हत्या करने वाले नाबालिग समेत दो आरोपियों को पकड़ा है। इनकी निशानदेही पर लूटपाट का सामान खरीदने वाले आरोपी को भी पकड़ लिया है। आरोपियों ने लूटपाट का विरोध करने पर ट्रक ड्राइवर की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।
पुलिस को गोविंदपुरी थाना इलाके में सात अगस्त की रात पेशे से ट्रक ड्राइवर जक्की मोहम्मद(27) को कुछ बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया था। उसे मजीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा के लड़के राशिद अली ने बताया कि जक्की जंगल में शौच के लिए गया था। तभी तीन-चार बदमाशों ने उसके साथ लूटपाट की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे चाकुओं से गोद दिया और उसका मोबाइल व पर्स लूटकर ले गए।
अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर विजयपाल दहिया की देखरेख में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। एसआई योगेश तंवर को सूचना मिली थी कि आरोपी ओखला के पास लाल कुंआ में छिपे हैं। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी तुगलकाबाद गांव निवासी कामरान उर्फ आरिफ व एक नाबालिग को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर पीड़ित का लूटा गया मोबाइल खरीदने वाले जीतू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।