ट्रेडमिल में करंट से हुई मौत
मौके पर पहुंची पुलिस ने जिम मालिक अनुभव दुग्गल के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि एक ट्रेडमिल में करंट उतरा था। उसके संपर्क में आते ही सक्षम की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सक्षम अपने परिवार के साथ दिव्य ज्योति अपार्टमेंट, सेक्टर-19, रोहिणी में रहता था। इसके परिवार में पिता मुकेश कुमार, मां और एक छोटी बहन है।
मृतक मल्टी नेशनल कंपनी में था इंजीनियर
मुकेश कुमार की बादली इलाके में ब्रेड बनाने की फैक्टरी है। सक्षम बीटेक करने के बाद एक मल्टी नेशनल कंपनी में इंजीनियर की नौकरी कर रहा था। रोजाना सुबह के समय वह सेक्टर-15 स्थित एक जिम में एक्सरसाइज करने के लिए जाता था। मंगलवार सुबह वह घर से जिम आया था। इस बीच करीब सात बजे वह ट्रेडमिल पर दौड़ने के बाद दो ट्रेडमिल के बीच में बैठ गया। इसी दौरान उसे करंट लगा। वहीं पास में कसरत कर रहे केशव ने उसे गिरते देखा तो उसने उसका हाथ पकड़ा।
पुलिस ने जिम मालिक के खिलाफ शुरू की कार्रवाई
केशव को भी करंट लगा। उसने ट्रेडमिल की बिजली बंद करने के बाद बाकी लोगों की मदद से उसके हाथ-पैर रगड़े। उसको सीपीआर भी दिया। बाद में उसे अस्पताल ले गए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने केशव के बयान पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सक्षम की मौत के बाद से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। वह परिवार में इकलौता बेटा था। उसकी शादी की भी तैयारियां की जा रही थी, लेकिन अचानक उसकी मौत ने पूरे परिवार को बुरी तरह तोड़ दिया। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिवार के हवाले कर दिया।