दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने एक दिव्यांग लड़की के बचाव में उतरते हुए मंगलवार को दिल्ली परिवहन विभाग को नोटिस जारी किया है। दरअसल, लड़की एक बड़ी कार खरीदकर उसमें हाइड्रोलिक रैंप लगवाने समेत अन्य कई बदलाव कराना चाहती थी, ताकि उसकी व्हीलचेयर उसमें आसानी से जा सके।
दिव्यांग लड़की काजल ने बताया है कि वह बौद्धिक अक्षमता, सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित है और चलने फिरने में असमर्थ है। वह एक व्हीलचेयर सुलभ वाहन खरीदना चाहती है, जिसमें वह अपने बैठने को सुगम बनाने के लिए एक मैनुअल व हाइड्रोलिक रैंप लगवाएगी, मगर कार डीलर कंपनी उसे निजी इस्तेमाल के लिए उक्त वाहन को बेचने से इंकार कर रही है।
लड़की ने बताया कि कंपनी ने तर्क दिया है कि कार बड़े आकार की है और सरकार इसकी बिक्री की अनुमति केवल व्यवसायिक उद्देश्य के लिए देती है, जबकि मोटर चालित व्हीलचेयर को समायोजित करने के लिए उक्त वाहन में पर्याप्त जगह है और उसके विशिष्ट उपयोग के लिए उसको बाजार में कोई अन्य विकल्प उपलब्ध नहीं है। उसने अनुरोध किया है कि उसे उक्त वाहन मॉडल को अपने निजी इस्तेमाल के लिए खरीदने की के लिए मंजूरी दी जाए।
उधर, स्वाति मालीवाल ने बताया कि मैं काजल से मिलने उसके घर गई। जिंदगी जीना कोई उससे सीखे। वो गाड़ी खरीद उसमें लिफ्ट लगवाकर व्हीलचेयर के साथ गाड़ी में बैठकर दुनिया घूमना चाहती है। पर ट्रांसपोर्ट विभाग उसे गाड़ी खरीदने की अनुमति नहीं दे रहा। आजादी से घूमना उसका अधिकार है, हमने नोटिस जारी किया है।